मैनपुरी। कस्बा घिरोर के रहने वाले एक युवक के खाते से ऑनलाइन ठगी कर निकाले गई 9.17 लाख रुपये की धनराशि सोमवार को साइबर थाना पुलिस ने वापस कराई। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की थी।
साइबर थाना पहुंचे कस्बा घिरोर निवासी हर्ष कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले किसी व्यक्ति ने उन्हें फोन कर संपर्क किया था। उनके खाता संबंधी जानकारी मांगी थी। इस बीच किसी तरह से आरोपी ने उनके खाता संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली और खाते से 9.17 लाख रुपये की धनराशि निकाल ली थी। घटना के तुरंत बाद उन्होंने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी।
एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की थी। एसपी के निर्देश पर साइबर सेल के एसआई अमित सिंह, महिपाल भदौरिया, जोगेंद्र चौधरी, मनोज कुमार की टीम ने ठगी कर निकाले गए रुपये खाते में फ्रीज कराने में सफलता हासिल की। साइबर थाना पहुंचे हर्ष को उनकी धनराशि खाता में फिर से वाप करा दी गई है। रुपये वापस मिलने के बाद पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान नजर आई।