कासगंज। फर्जी मार्कशीट देकर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाला जालसाज भूमिगत हो गया है। विश्वविद्यालय की जांच में उलझी पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। इधर, डीएम ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को चिट्ठी लिखकर जांच कराने को कहा है। बता दें कि एमआर डिग्री कॉलेज के अलावा सरएमयू डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों के भविष्य से भी जालसाज खिलवाड़ कर चुका है।
एमआर डिग्री कॉलेज के 47 विद्यार्थियों को फर्जी मार्कशीट थमा कर जालसाज तरुण शर्मा ने विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया। विद्यार्थी निरंतर प्रदर्शन कर फर्जीवाड़े के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की जानकारी पर डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने मामले की जांच के लिए विश्व विद्यालय के रजिस्ट्रार को पत्र भेज दिया है। हालांकि पुलिस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही। पुलिस का कहना है कि जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इधर, वर्ष 2017 में तरुण शर्मा ने सहावर के सरएमयू डिग्री कॉलेज में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात रहते हुए वहां भी जालसाजी की थी। वहां सैकड़ों विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन विश्वविद्यालय में नहीं कराए गए। परीक्षा आने पर फर्जी प्रवेश पत्र से परीक्षाएं करा दी गई। जांच में महाविद्यालय प्रशासन के फंसने पर महाविद्यालय ने जालसाज के खिलाफ तहरीर दी। यहां भी विश्वविद्यालय स्तर से कमेटी बनी, लेकिन जांच फाइलों में दफन हो गई।
- मैंने रजिस्ट्रार को चिट्ठी भेज दी है। जल्द से जल्द जांच टीम बनाने को कहा है। विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चंद्र प्रकाश सिंह, डीएम