फिरोजाबाद। मोहल्ला खेड़ा में फैले चिकनपॉक्स की खबर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। शिविर लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवा बांटी। चिकनपॉक्स सहित अन्य मौसमी बीमारियों के कुल 132 मरीज पाए गए।
बोधाश्रम रोड पर खेड़ा मोहल्ला में करीब 10 दिन से चिकनपॉक्स फैला है। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता के प्रकाशित किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में पहुंची। करीब 12 मरीज चिकनपाक्स से पीड़ित हैं।
लोग इस बीमारी को माता कहकर नीम-हकीमों से इलाज करा रहे थे। एसीएमओ डॉ. केके गुप्ता के निर्देशन में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 132 मरीज देखे। इसमें आठ मरीज चिकनपॉक्स के थे। 12 मरीज बुखार के मिले।
शेष मरीज खांसी, जुकाम व खुजली आदि के थे। सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित ने बताया कि हमें मोहल्ला खेड़ा में चिकनपाक्स फैलने की जानकारी मिली थी। हमने टीम भेजकर शिविर लगाया, जहां मीरजों को उपचार दिया गया।