मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा परखने को लेकर किया गया मॉक ड्रिल मंदिर दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं को भारी पड़ा। मंदिर के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर मॉक ड्रिल के नाम पर श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं करने दिया। इससे श्रद्धालु दर्शन के बिना ही लौट गए।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात है। हर महीने जन्मस्थान की सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल होता है। सोमवार को 11:30 बजे से मॉक ड्रिल को लेकर पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग हुई जो 12 बजे तक चली। इसके बाद 1:30 बजे तक मॉक ड्रिल चला। जब तक मॉक ड्रिल चला और समाप्त होने के आधे घंटे तक श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
श्रद्धालुओं द्वारा बार बार कहने पर भी मॉक ड्रिल का हवाला दिया जाता रहा। बताते चलें इन दिनों 12 बजे जन्मस्थान के भागवत भवन में दर्शन होते हैं लेकिन श्रीकृष्ण का गर्भगृह मंदिर रात्रि 9:30 बजे तक खुलता है। मॉक ड्रिल के चलते श्रद्धालु गर्भगृह के मंदिर के दर्शन करने को या तो दो घंटे तक इंतजार करते रहे, या बिना गर्भगृह के दर्शन किए वापस चले गए।
इस संबंध में एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि मॉक ड्रिल को मंदिर बंद होने के बाद किया जाता है। मॉक ड्रिल में किसी श्रद्धालु को चोट चपेट आदि न आए, इसलिए आधा घंटा तक मंदिर परिसर को खाली रखा जाता है। मॉक ड्रिल के बाद सभी श्रद्धालुओं को दर्शन करने जाने दिया गया।