मथुरा। जमुनापार के गांव सिहोरा में पूर्व प्रधान के बेटे पर जानलेवा हमले के आरोपी देवेंद्र पहलवान पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस देवेंद्र पहलवान के खिलाफ पुराने मामले भी खंगाल रही है। इधर, उस पर गैंगेस्टर एक्ट लगाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। जमुनापार पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
थाना जमुनापार के गांव सिहोरा में चार दिन पूर्व पंचायत घर के बाहर पूर्व प्रधान के बेटे सुरेंद्र पर जानलेवा हमला हुआ था। इसमें सुरेंद्र समेत छह ग्रामीण घायल हुए थे। आरोप देवेंद्र पहलवान और उसके भाई समेत पहलवानों पर लगा था। पीड़ित और पुलिस की तरफ से अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज कराए गए। जमुनापार पुलिस लगातार आरोपियों को पकड़ने को दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी अनुराग दीक्षित ने बताया कि देवेंद्र पहलवान के खिलाफ जनपद और अन्य जनपदों में दर्ज मुकदमे खंगाले जा रहे हैं। अभी तक आठ मुकदमे जानकारी में आए हैं। जल्द ही देवेंद्र के खिलाफ कुर्की नोटिस चस्पा करके उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।