टूंडला। थाना क्षेत्र के गांव चुल्हावली में शनिवार शाम नशे में डांस करने को लेकर बाराती आपस में भिड़े तो जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक बाराती ने फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही बारात में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर आई पुलिस देख बाराती भाग गए।
शनिवार को गांव चुल्हावली में एत्मादपुर से बारात आई थी। रात करीब दस बजे बारात चढ़ रही थी। बैंड-बाजों की धुन पर बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान डांस करने को लेकर बाराती आपस में भिड़ गए। बारातियों में जमकर मारपीट हुई। कन्या पक्ष के लोगों ने बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बाराती ने फायरिंग कर दी तो बारातियों में भगदड़ मच गई।
अनहोनी की आशंका से ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो भाग गए। कन्या पक्ष के लोगों ने कार्रवाई से इनकार कर दिया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि बाराती नशे में थे। डांस करने को लेकर आपस में भिड़े थे। पुलिस के पहुंचने से पहले वे भाग गए। फायरिंग की बात गलत है।