मैनपुरी। करहल में बिजली विभाग की टीम पर हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
कहा कि आरोपी यदि चार जून की दोपहर 12 बजे तक नहीं पकड़े गए तो जिले भर की बिजली बंद की जा सकती है। सामूहिक चेकिंग के साथ ही राजस्व वसूली भी बंद कर दी जाएगी।
करहल में शुक्रवार को सामूहिक चेकिंग के दौरान बिजली विभाग की टीम पर हमला करके उनके साथ लूटपाट की गई। घटना की रिपोर्ट थाना करहल में दर्ज कराए जाने के बाद भी आरोपी नहीं पकड़े गए हैं।
बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना हैं शासन के निर्देश पर चलाए जाने वाले अभियान में पुलिस का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से घटना हुई है। पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है।
आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और बिजली विभाग के कर्मचारियों को सबक सिखाने की धमकी दे रहे हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि चार जून की दोपहर 12 बजे तक आरोपी नहीं पकड़े गए तो जिले भर की बिजली बंद की जा सकती है।
सामूहिक चेकिंग और राजस्व वसूली भी नहीं की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेेगा। बैठक के बाद विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने एडीएम और एएसपी को ज्ञापन दिया।
एसडीओ ब्रजेश कुमार, संजीव कुमार, सीबी वर्मा, मुन्नीलाल, संजय कुमार, जेई हरीसिंह, मनीष कुमार, योगेंद्र सिंह, पंकज कनौजिया, ताराचंद्र, नारायन सिंह मौजूद रहे।