कोसीकलां (मथुरा)। नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लांट संचालक की ओर से कथित झूठी रिपोर्ट के बाद ग्रामीणों की आंदोलन की चेतावनी के बाद पुलिस हरकत में आ गई। इंस्पेक्टर ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। किसी तरह का दबाव जांच में आड़े नहीं आएगा। किसी ग्रामीण को झूठे मामले में नही फंसाया जाएगा। आश्वासन पर ग्रामीण सहमत हो गए।
मंगलवार को एक टायर प्लांट संचालक ने ग्रामीणों के खिलाफ गाली गलौच करने, आग लगाने और खर्चा मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार को नवीपुर और कोटवन के ग्रामीणों ने पंचायत में थाने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी। गुरुवार को इंस्पेक्टर अमित कुमार पुलिस बल के साथ गांव नवीपुर पहुंचे। बड़े मंदिर पर एकत्रित ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने बताया कि टायर प्लांटों से निकले वाले धुएं से ग्रामीण बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे हैं।
ग्रामीणों की फरियाद के बाद प्रशासन ने इन प्लांटों को नोटिस जारी किए हैं। अब प्लांट संचालक उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर दबाव बनाना चाहते हैं। इसकी शिकायत उन्होंने एनजीटी में कर दी है।
इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि झूठे मामले में किसी को नहीं फंसाया जाएगा। उन्होंने शुक्रवार को दोनों गांवों के पांच-पांच पंचों को वार्ता के लिए थाने आने को कहा। जिस पर ग्रामीण सहमत हो गए और उन्होंने आंदोलन टाल दिया। पंचायत में रघुवीर सिंह, सुभाष, ऋषिराज रावत, वीरेंद्र, चंदशेखर शर्मा, रणजीत, किसन, विक्रम सिंह, अवतार सिंह, गुरुदेव, जीवनलाल, गजेंद्र सिंह, हुकम सिंह, केवल सिंह आदि थे।