टैंटीगांव (मथुरा)। गांव लोहई में जलनिगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते पेयजल की भीषण किल्लत व्याप्त है। पिछले 20 वर्ष से पानी की टंकी शोपीस बनी हुई है। जलापूर्ति न होने से छह से अधिक गांवों के लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।
एक तरफ दिन निकलते ही भीषण गर्मी शुरू हो जाती है, दूसरी ओर लोगों को पानी की तलाश में निकलना पड़ रहा है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, ऐसे में लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। लोहई, भालई, बेरा, नगला जय सिंह, मुरकट, बदनपुर में पानी के लिए हाहाकार मचा है।
जलनिगम ने उक्त गांवों में पानी आपूर्ति के लिए लोहई में पानी की टंकी का निर्माण कराया था। टंकी से कुछ दिन तो आपूर्ति हुई, इसके बाद बंद हो गई। दीनदयाल, केशव गुप्ता, बीनू, तेजवीर, सौनी, जितेंद्र, रवि प्रधान, जीते प्रधान, प्रेमपाल, भगवान गुप्ता आदि ने डीएम से समस्या के समाधान की मांग की है।