वृंदावन (मथुरा)। अक्षय तृतीया पर ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के वर्ष में एक बार होने वाले चरण दर्शन को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है।
18 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर वृंदावन में चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। 17 अप्रैल की शाम से यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी और यह व्यवस्था वृंदावन प्रवेश के सभी छह नाकों पर रहेगी।
कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सिंह के अनुसार वृंदावन की ओर आने वाले वाहनों की स्थिति को देखते हुए तीन एंट्री पाइंट यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन दारुक पार्किंग पर खड़े कराए जाएंगे, जबकि मथुरा मार्ग से आने वाले वाहन सौ सैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के सामन पार्किंग पर पार्क होंगे।
वहीं छटीकरा की ओ से आने वाले वाहन रुक्मिणी विहार पर रुकेंगे। वहीं वृंदावन के सभी प्रवेश नाकों पर बैरियर लगाकर वाहन रोके जाएंगे। 17 अप्रैल की शाम से वृंदावन में वाहनों का प्रवेश वर्जित किया जाएगा।
वनवे रहेगी दर्शन व्यवस्था
वृंदावन। अक्षय तृतीया पर चरण दर्शन के लिए ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की व्यवस्था वनवे रहेगी। इस व्यवस्था में विद्यापीठ की ओर से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का गेट नंबर तीन से मंदिर में प्रवेश होगा, जबकि परिक्रमा मार्ग वीआईपी रोड से आने वाले श्रद्धालु गेट दो से अंदर जाएंगे और गेट एक और चार से निकाला जाएगा। गेट नंबर पांच को गोस्वामी समाज के लिए रहेगा।