एटा। जिले की मलिन बस्तियों की दशा सुधारने के लिए सरकार ने कवायद तेज कर दी है। सरकार ने जिले की 12 मलिन बस्तियों में सड़कों के निर्माण के लिए बजट कर दिया है। 89.86 लाख रुपये की सभी परियोजना के लिए पहली किश्त में 44.93 लाख रुपये दिए गए हैं। इन परियोजनाओं के निर्माण का काम डूडा को सौंपा गया है।
जिले की मलिन बस्तियों मेें विकास कार्यों को लेकर सरकार बेहद संजीदा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्राथमिकता कार्यक्रमों में शामिल मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित और मलिन बस्ती विकास योजना को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। सबसे पहले जिले की नगर पालिका एटा, नगर पालिका जलेसर और नगर पंचायत सकीट क्षेत्र की मलिन बस्तियों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इन मलिन बस्तियों की सड़कों को इंटरलॉक करने के साथ नालियों का निर्माण कराया जाएगा। शासन के विशेष सचिव अनिल वाजपेयी ने राज्य नगरीय विकास अभिकरण के निदेशक को पत्र लिखकर 44.93 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है। साथ ही परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। पीओ डूडा सुभाषवीर राजपूत ने बताया कि परियोजनाओं को लेकर निर्देश मिले हैं। जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
---------------
इन परियोजनाओं पर होगा काम
नगर पालिका एटा- अशोक नगर, प्रेम नगर
नगर पालिका जलेसर- सराय खानम, मोहल्ला शेरगंज, मोहल्ला महावीरगंज
नगर पंचायत सकीट- मोहल्ला काजी और मोहल्ला उरहैना