फिरोजाबाद/नारखी। जिले में ऋण मोचन योजना के तहत लाभार्थी का प्रमाण पत्र मिलने के बाद भी नारखी ब्लॉक के कई किसान ऋण मुक्ति के लिए भटक रहे हैं। किसानों का आरोप है कि बैंकर्स उनसे ऋण मुक्ति की राशि खाते में स्थानान्तरित नहीं होने की कह रहे हैं।
ब्लॉक नारखी के गढ़ी हंसराम निवासी किसान रामप्रताप, तुरषनपाल, निरोत्तम सिंह, गांव गढ़ी के एवरन सिंह, राम खिलाड़ी, रामवीर, यशपाल के अलावा गांव गौंदई निवासी किसान मलखान सिंह सहित 33 किसानों का कहना है कि उन सभी को प्रदेश सरकार की ऋण मोचन योजना के तहत लाभार्थियों की सूची में शािमल कर ऋण मोचन प्रमाण पत्र मिल चुके हैं।
इसके बाद भी केनरा बैंक शाखा नारखी द्वारा ऋण मुक्ति की राशि उनके खाते में नहीं पहुंचने क ी बात कह कर ऋण जमा कराने का तगादा किया जा रहा है। किसानों की माने तो इस संबंध में डीएम को भी ज्ञापन दिया गया। जबकि बैंक शाखा प्रबंधक अजयपाल ने तगादे की बात स्वीकार करते हुए कहा कि किसानों से फसली ऋण वसूली के लिए नहीं बल्कि ऋण पर लगी ब्याज और बीमा राशि की किश्त का तगादा किया जा रहा है।