मथुरा। हाईवे पर शुक्रवार को तड़के नवादा के सामने सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर के पहिये चोरी करते हुए टोकने पर चोरों ने चालक को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची यूपी-100 की पीआरवी की गाड़ी चोरों ने पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दी। हाईवे पुलिस के पहुंचने से पहले ही चोर टाटा मैजिक लोडर में आठ पहिये चोरी कर फरार हो गए।
थाना हाईवे के बालाजीपुरम निवासी ओमवीर नवादा के सामने ट्रेलर को सर्विस रोड पर खड़ा करके सो रहा था। शुक्रवार की तड़के तीन बजे चोर खड़े ट्रेलर के पहिये को खोलने लगे। सात पहिये खोलकर टाटा मैजिक लोडर में रख लिए। आठवां पहिया खोलते वक्त चालक जाग गया। चालक ने इसका विरोध किया तो चोरों ने उसे बंधक बनाकर ट्रेलर के केबिन में डाल दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कर दिया। सूचना पर पहुंची यूपी-100 की पीआरवी को देख चोरों ने पथराव करके गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। यूपी-100 की पीआरवी पर पथराव की सूचना पर हाईवे पुलिस के पहुंचने से पहले चोर फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश त्रिपाठी ने बताया कि पीआरवी पर पथराव करके गाड़ी क्षतिग्रस्त करने व पहिये चोरी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा।