मैनपुरी। जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। नगर के मोहल्ला राजा का बाग में एक बालिका में डेंगू के लक्षण मिले हैं। वहीं कस्बा बरनाहल में भी छह मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं।
जिले में दो माह से डेंगू लोगों को अपनी चपेट में लिए हुए है। इससे पांच मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि 60 से अधिक मरीजों को उपचार दिलाया गया है। वर्तमान में भी दर्जन में एक दर्जन से अधिक मरीजों का डेंगू से पीड़ित होने पर आगरा तथा अन्य स्थानों पर उपचार चल रहा है।
नगर के मोहल्ला राजा का बाग निवासी शिक्षक राजेश कुमार की आठ माह की पुत्री सोना में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं। सोना का नगर के ही एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार चल रहा है। इसके अतिरिक्त गुरुवार को जिला अस्पताल में भी बड़ी संख्या में बुखार के मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित होने पर 15 मरीजों को भर्ती कराया गया। वहीं, कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत फार्मासिस्ट राजीव कुमार उसकी पत्नी मीरा देवी, डेंगू से पीड़ित हैं। अस्पताल में कार्यरत प्रतिरक्षण अधिकारी हरिलाल में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं। वार्ड ब्वाय उमेश कुमार व उसकी पत्नी ललिता भी डेंगू से पीड़ित हैं। इसके अतिरिक्त बरनाहल निवासी रोजगार सेवक सुशील कुमार डेंगू की चपेट में है।
नगर के मोहल्ला आवास विकास में एक ही परिवार के तीन मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सीएमओ डा. अरविंद कुमार गुप्ता के निर्देश जिला संक्रामक रोग नियंत्रण टीम के सदस्य प्रभारी डा.वाई के दुबे, डा. एसपी सिंह, शैलेंद्र कुमार, सत्येंद्र यादव, अरविंद यादव व अनवार हुसैन आवास विकास स्थित सेक्टर चार पहुंचे।
यहां मुकेश कुमार के परिजनों से मरीजों की जानकारी ली। मरीजों की हालत सही बताई गई है। मुकेश कुमार के घर में एक नांद में पानी भरा हुआ रखा था टीम के लोगों ने उस पानी के फैलवाया। वहीं टीम ने मोहल्ले में दवाइयां भी बांटी।