एटा। दीवाली पर सैनिक पड़ाव में अग्निशमन विभाग के सिपाही ने पटाखे लूट के विरोध पर पटाखा विक्रेता को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। शराब के नशे में धुत अग्निशमनकर्मी ने पटाखा विक्रेताओं के साथ अभद्रता करते हुए जमकर उत्पात मचाया। दमकल कर्मचारी की करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामले में पीड़ित ने एएसपी से शिकायत की है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के सैनिक पड़ाव में दीवाली पर पटाखे की दुकानें लगी थी। आरोप है अग्निशमन विभाग का सिपाही मुकट सिंह आया और दुकानदार से जबरन पटाखे लूटने लगा। इस पर पटाखा विक्रेता डब्बू गुप्ता निवासी भगीपुर ने विरोध किया। विरोध करने पर दमकल में तैनात मुकट सिंह ने डब्बू गुप्ता के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि शराब के नशे में धुत सिपाही ने डब्बू गुप्ता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हंगामा होता देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बमुश्किल मामला शांत कराया। शराब के नशे में धुत दमकल के सिपाही का यह कारनामा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पीड़ित ने कोतवाली नगर पुलिस ने शिकायत दी लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इस पर पीड़ित ने मामले की शिकायत एएसपी को दर्ज कराई है। एएसपी ने मामले की जांच कर दोषी दमकल कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।