स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो अक्तूबर को मारहरा ब्लॉक को खुले में शौच मुक्त घोषित करने की तैयारी चल रही है। आलम यह है कि मिशन के तहत पूरे ब्लॉक में ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव के साथ स्वच्छाग्राही लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले को 31 दिसंबर तक खुले में शौच मुक्त किया जाना है। इसके लिए जिले में तेजी से काम चल रहा है। पहले चरण में प्रशासन ने मारहरा ब्लॉक को ओडीएफ घोषित करने का लक्ष्य तय किया है। पहले ब्लॉक को 15 अगस्त को ओडीएफ घोषित किया जाना था, लेकिन जागरूकता के अभाव में प्रशासन को कार्यक्रम आगे बढ़ाना पड़ा। अब तक ब्लॉक की 59 में से 49 ग्राम पंचायतों के ओडीएफ घोषित होने का दावा किया जा रहा है। बताया जाता है कि दो अक्तूबर को ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधान अपनी पंचायत के ओडीएफ घोषित होने का प्रमाण पत्र जिला प्रशासन को सौंपेंगे। इसके साथ ही ब्लॉक के लाभार्थियों की एमआईएस फीडिंग का काम भी तेजी से चल रहा है। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि दो अक्तूबर को मारहरा ब्लॉक को ओडीएफ घोषित करने की तैयारी चल रही है। सभी की जागरूकता रंग लाई है।
कल होगी मैराथन
स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो अक्तूबर को मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तेजी से तैयारियां चल रही हैं। डीपीआरओ ने बताया कि मैराथन दीनदयाल चौक से शुरू होकर नगर भ्रमण करती हुई जिला पंचायत सभागार पर संपन्न होगी। मैराथन का शुभारंभ डीएम अमित किशोर करेंगे।