पटियाली/गंजडुंडवारा।
कादरगंज गंगाघाट पर रक्षाबंधन के दिन सुबह भाई के साथ गंगा स्नान को पहुंचा युवक गंगा के तेज प्रवाह में डूब गया। गोताखोरों के तलाश करने पर भी युवक का पता नहीं चला। एसडीएम जैनेंद्र सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंच युवक की तलाश कराई।
नगला डामर निवासी अतरमुनि (35)अपने चचेरे भाई अमीर सिंह के साथ कादरगंज गंगाघाट पर सुबह के समय गंगा स्नान को पहुंचा था। दोनों भाई गंगा में स्नान कर रहे थे तभी अतरमुनि गंगा में डूबने लगा। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत ही गंगा में छलांग लगाई, लेकिन कोई पता नहीं चला। एसडीएम जैनेंद्र सिंह, थाना प्रभारी राजू सिंह ने कादरगंज गंगाघाट पहुंचकर गोताखोरों की मदद से काफी देर तक युवक की तलाश कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। युवक के डूबने की खबर उसके गांव नगला डामर पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारजनों के साथ गंगाघाट पर आ गए।