आगरा। मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ कृषि भूमि के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की नसीहत दी है। कहा कि कृषि भूमि में रासायनिक खाद, बीज व पानी आदि का संतुलित ढंग से प्रयोग किया जाना चाहिए। पानी की किल्लत को देखते हुए बारिश के पानी को संरक्षित करने और जैविक खाद के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
मंडलायुक्त ने बुधवार को कमिश्नरी में आयोजित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। कहा कि कृषि में जैविक खाद का प्रयोग करके उत्पादकता बढ़ाने की तकनीक अपनानी होगी। भविष्य में होने वाली पानी की कमी को देखते हुए तालाबों की खोदाई व मेड़बंदी करके बारिश का पानी संरक्षित करना होगा। नहरों की सफाई के भी निर्देश दिए। कृषि बीमा में आ रही दिक्कतों की शिकायतों को बीमा कंपनियों के साथ बैठक उनका निस्तारण किए जाने का आदेश दिया।
फिरोजाबाद की डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि उनके जिले में पांच डार्क ब्लाकों की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र विशेष के अनुसार कार्ययोजना तैयार कराई गई है। तालाबों का जीर्णोद्धार तथा ‘जितने व्यक्ति उतने पेड़’ लगाए जाने की योजना के साथ चारागाह भूमि पर चारा बुवाई कराई जा रही है।
डीएम मैनपुरी यशवंत राव ने किसानों से अनुरोध किया कि वह अपना संगठन बनाकर अपने उत्पादों का विपणन करें ताकि बिचौलियों से बच सकें। आगरा सीडीओ रविंद्र कुमार ने कहा कि उनके स्तर से किसानों की समस्या का त्वरित निदान किया जाएगा।
कृषि वैज्ञानिक डा. ओपी प्रजापति ने दलहनी फसलों के उत्पादन बढ़ाने, राजेश पाराशर ने पशुओं में होने वाली बीमारियों के उपचार तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, डा. सुभाष शर्मा ने सब्जियों के उत्पादन, डा. एसके दुबे ने बीहड़ व जल प्रबंधन, डा. एसके मिश्रा ने बाजरा फसल बोने की समय सीमा आदि की किसानों को जानकारी उपलब्ध कराई। मंडलायुक्त ने विकास खंड व न्याय पंचायत स्तर पर भी गोष्ठी आयोजित करने को कहा है। संयुक्त विकास आयुक्त प्रखर श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक कृषि टीपी चौधरी, सीडीओ फिरोजाबाद कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव, सीडीओ मथुरा यशु रस्तोगी आदि मंडलीय अधिकारी मौजूद थे।
किसानों ने उठाईं समस्याएं
- फिरोजाबाद के राजेश प्रताप सिंह ने कृषि बीमा व विज्ञान केंद्रों को किसानों से जोड़ने को कहा।
- मैनपुरी के किसानों ने नीलगाय तथा जंगली जानवरों द्वारा फसल को बर्बाद करने की समस्या उठाई।
- आगरा के किसान विजय शर्मा ने आलू फसल की नई प्रजातियों को उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
- किसान बंगाली बाबू ने अरेला में कोल्ड स्टोरेजों में भंडारण की समस्या रखी।