मथुरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर मंडी समिति के पास कट बंद होने से व्यापारी परेशान हैं। इन लोगों ने उग्र आंदोलन का एलान कर दिया है। व्यापारी सलाहकार बोर्ड के चेयरमैन से व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। कहा कि रास्ता बंद होने से व्यापारियों को भारी दिक्कत हो रही है।
व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी, युवा जिला महामंत्री जितेंद्र प्रजापति, नगर मीडिया प्रभारी दीनदयाल, राजेश, अंदानी, प्रदीप चाहर, सुरेंद्र सैनी, तारा चंद, धर्मपाल, देवेंद्र फौजदार, संतोष चौधरी, करणवीर सिंह आदि ने बताया कि जिला प्रशासन ने दिल्ली आगरा राजमार्ग मंडी चौराहा कट को बोर्ड लगाकर बंद कर दिया।
इससे व्यापारियों के साथ ही आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी समिति बाजार देहात क्षेत्र, भूतेश्वर बाजार के साथ मथुरा से राजस्थान को जोड़ता है इसको जिला प्रशासन ने अपनी मनमानी के चलते बंद कर दिया है जिससे क्षेत्र व्यापारियों का व्यापार ठप हो गया है क्षेत्रों को गोवर्धन चौराहे पर से होकर गुजरना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर व्यापारियों ने डीएम, एसएसपी और एसपी ट्रैफिक, सीएओ रिफाइनरी और एसओ थाना हाईवे से कई बार मुलाकात की और ज्ञापन भी दिया। प्रशासन से व्यापारियों को आश्वासन ही मिला है समस्या का समाधान नहीं हुआ। व्यापारियों की समस्या पर बोर्ड के चेयरमैन ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।