एटा। दिल्ली से नौकरी कर घर लौट रहा युवक रोडवेज बस में जहरखुरानी का शिकार हो गया। जहरखुरान युवक से पांच हजार रुपये की नकदी और मोबाइल आदि सामान पार कर ले गए। बेहोशी की हालत में बस परिचालक ने युवक को रोडवेज बस स्टैंड पर उतार दिया, जहां से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मैनपुरी थाना कुरावली के गांव सोनई निवासी विजय सिंह पुत्र नत्थू सिंह दिल्ली स्थित कंपनी में काम करता है। होली के त्योहार पर वह रोडवेज बस में बैठकर दिल्ली से घर लौट रहा था।
रोडवेज बस में जहरखुरान गिरोह के सदस्य ने उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। उसके बेहोश होने पर जहरखुरान उसके पास से पांच हजार रुपये की नकदी और मोबाइल सहित अन्य सामान साफ करके ले गए। वही बागवाला क्षेत्र के गांव लभेटा के पास अचेत युवक को सरकारी एंबुलेंस टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।