कुरावली (मैनपुरी)। बाइक सवार चाचा भतीजा को गांव लखौरा के पास वैन ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक जनपद फर्रुखाबाद के रहने वाले थे। वे पुत्री की शादी के लिए लड़का देखने आए हुए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव जलापुर निवासी 45 वर्षीय शालेंद्र सिंह अपनी पुत्री के लिए लड़का देखने थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में रह रहे दामाद के घर आए थे। उनके साथ 22 वर्षीय भतीजा बाबूराम भी आया था। सोमवार शाम करीब चार बजे शालेंद्र भतीजे के साथ दामाद राजू की बाइक लेकर नगला देशी जा रहा था।
बाइक जब लखौरा-औंछा मार्ग पर गांव अलूपुरा के पास पहुंची, तभी बिजली घर के सामने मारूति वैन ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि चाचा भतीजे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वैन भी सड़क किनारे खाई में घुस गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुटता देख चालक भी गाड़ी छोड़ कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।