एटा। जलेसर क्षेत्र में पिछले सप्ताह कपड़ा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साथ ही चार बदमाशों को हिरासत में लेते हुए 35 हजार रुपये भी बरामद किए है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने पुलिस लाइन में जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर को हाथरस मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने कपिल पुत्र अशोक कुमार निवासी कंचन नगर आगरा रोड थाना कोतवाली हाथरस से 60 हजार रुपये लूट लिए थे।
कपिल कपड़ा व्यवसायी है और कस्बा जलेसर के व्यापारियों से रुपये लेकर अपने भाई अभिषेक के साथ घर लौट रहा था। तभी घटना को अंजाम दिया गया। मामले के खुलासे के लिए स्वाट टीम और थाना जलेसर पुलिस को लगाया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि दिलोखरा बंबा के पास कुछ संदिग्ध लोग बाइक पर खड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर उन लोगों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायरिंग कर मनोज वार्ष्णेय उर्फ मोनू पुत्र रामचन्द्र वार्ष्णेय निवासी गोशाला अटलताल बगीची थाना हाथरस, संतोष शर्मा उर्फ शशिकांत पुत्र चंद्रपाल शर्मा, दिनेश उर्फ टिंकू पुत्र शंकर लाल निवासीगण विष्णुपुरी थाना हाथरस गेट, चंदन राज उर्फ चंदन कालिया पुत्र राजेंद्र राज निवासी किला स्टेशन रोड थाना हाथरस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार तमंचा 315 बोर मय कारतूस, 35 हजार रुपये और दो बाइक बरामद की है।