कोहरे के लिए तैयार नहीं हुई डिपो की बसें
- फोटो : अमर उजाला
एटा। कोहरे का मुकाबला करने के लिए परिवहन विभाग तैयार नहीं है। दो दिन पूर्व शुरू हुए कोहरे के बाद भी डिपो की बसों में यह व्यवस्थाएं नहीं हैं। इसके चलते जहां चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं यात्रियों की भी जान जोखिम में है।
कोहरे को लेकर परिवहन विभाग गंभीर नहीं है। डिपो की अधिकांश बसों में न तो अभी तक फॉग लाइट्स लगी हैं। और न ही सभी बसों में रेडियम पट्टियां ही लगवाई गई हैं। ऐसे में इन्हें कोहरे वाली रात में चलने में परेशानी हो रही है। चालक देवेंद्र सिंह बताते हैं कि अक्तूबर माह में ही बसों में कोहरे की लाइट, बैक लाइट आदि के निर्देश रहते हैं लेकिन डिपो में अभी तक बसों को तैयार नहीं किया गया है। चालक परिचालकों का कहना है कि बसों में आगे सफेद, पीछे लाल एवं साइड में पीले रंग की रेडियम लाइन के भी निर्देश हैं। अधिकांश बसों में पुरानी रेडियम लाइन फीकी हो गई हैं। बताते चलें कि डिपो में संचालित 160 बसों में 117 निगम एवं 43 अनुबंधित बसें शामिल हैं।
कोहरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विभाग से प्राप्त आल वेदर लाइट्स, बैक लाइट आदि बसों में लगवाए जा रहे हैं। टूटे शीशों को तुरंत ही बदला जाता है। अधिकांश बसों में नियमानुसार रेडियम लाइनें हैं। शेष में लाइन के निर्देश वर्कशॉप को दिए गए हैं।
मदनलाल, एआरएम