मथुरा। रेलवे की जमीन पर होटल, गेस्ट हाउस या घर के नाले-नालियों को चिह्नित किया जाएगा। रेलवे उनकी नालियों को बंद कर अब तक प्रयोग की गई अवधि का शुल्क भी वसूल करेगा।
शहरी क्षेत्र में रेलवे की भूमि के आसपास लोगों ने होटल, गेस्ट हाउस या घर बनाए हुए हैं। इनसे निकलने वाले गंदे पानी की नालियों या सीवर के पाइप को रेलवे की जमीन की तरफ निकाला हुआ है। ऐसे भवनों को रेलवे अधिकारी चिह्नित कर रहे हैं। पता लगाया जा रहा है कि ऐसे कितने लोग हैं जो रेलवे की भूमि का प्रयोग कर रहे हैं।
सभी को नोटिस जारी कर नाली-नाले बंद करने के लिए कहा जाएगा। भवन निर्माण से बंद करने की अवधि तक का शुल्क भी वसूल किया जाएगा। इंजीनियरिंग विभाग ऐसे लोगों की सूची बनाने में जुटा है। सबसे अधिक नाले-नालियां मथुरा वृंदावन रेलवे ट्रैक की जमीन की ओर निकले हुए हैं।
इनकी संख्या सौ से अधिक बताई जा रही है। सहायक मंडल इंजीनियर द्वितीय सुजीत कुमार ने बताया कि रेलवे की जमीन पर नाले-नालियां खोलने वालों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।