फरह(मथुरा)। दोस्तों के साथ गुरुवार को चेकडैम में नहाते वक्त एक युवक की डूबकर मौत हो गई। पुलिस और गोताखोरों की मदद न मिलने से गुस्साई भीड़ ने पुलिस वालों पर हमला बोल दिया। दरोगा और सिपाही को दिया। हंगामा बढ़ने पर अफसर पहुंचे और भीड़ को किसी तरह समझाकर शांत किया।
थाना फरह के गांव झुड़ावई निवासी अमन (20) पुत्र पदम सिंह अपने दोस्त देशपाल और सोनू के साथ गुरुवार को गांव परखम के जमालपुर चेकडैम में नहाने गया था। दोपहर को 11.30 पर तीनों दोस्त नहाने लगे। इसी बीच अमन का पैर फिसल गया तो वह गहरे पानी में चला गया। डूब रहे अमन ने मदद के लिए शोर मचाया।
उसके दोस्तों ने भी काफी कोशिश की पर नाकाम रहे। ग्रामीणों भी पहुंच गए। काफी देर तक पुलिस औछ गोताखोर नहीं पहुंचे तो भीड़ भड़क गई। बाद में दरोगा भूपेंद्र और सिपाही सचिन पहुंचे तो ग्रामीणों ने दोनों की वर्दी फाड़ दी और पिटाई की।
पुलिस पर हमले की सूचना पर सीओ रिफाइनरी विनय सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह पहुंचे। पुलिस ने पौने तीन घंटे बाद निकले शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गोताखोरों ने सवा तीन बजे शव को बरामद किया।
बड़ी संख्या में नहाने पहुंच रहे युवक
फरह। परखम गांव के जमालपुर चैकडेम पर कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आए दिन कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्रा यहां नहाने के लिए आते हैं। जबकि सुरक्षा के लिए यहां कोई इंतजाम नहीं है। सुबह से छात्रों और ग्रामीण युवकों के नहाने की कतार यहां देखी जा सकती है। इनको कोई टोकने वाला यहां नहीं है। गोताखोर भी इस चैकडेम पर तैनात नहीं है। पुलिस-प्रशासन की हीलाहवाली से कोई बड़ी घटना हो सकती है।