फिरोजाबाद। पठन-पाठन के लिए दूर-दराज गांवों में जाने वाले नौनिहालों को अब घर से दूर नहीं जाना पडे़गा। जिले में अब 42 नए प्राथमिक विद्यालय खोले जाएंगे। इनके निर्माण कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जो शासन स्तर पर लंबित है।
जिले के विभिन्न ब्लाकों में 42 गांव ऐसे हैं, जिनके एक किलोमीटर के दायरे में कोई परिषदीय या निजी शिक्षण संस्था नहीं है। ऐसे में वहां के नौनिहालों को पढ़ने के लिए गांव से दूर स्कूलों में जाना पड़ता है। हालांकि कुछ ग्रामों में स्कूल हैं, भी तो वहां की जनसंख्या अनुपात के हिसाब से स्कूली व्यवस्थाएं नाकाफी हैं। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग ने 42 नए विद्यालय निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है।
प्रस्ताव के मुताबिक एका ब्लाक में सर्वाधिक 11, टूंडला, अरांव, नारखी व जसराना में तीन-तीन, शिकोहाबाद में पांच, मदनपुर में चार, हाथवंत में सात और फिरोजाबाद ब्लाक में तीन प्राथमिक विद्यालय खोलने का प्रस्ताव है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत वर्ष 2017-18 के दौरान भेजे गए प्रस्ताव को हालांकि शासन स्तर अभी हरी झंडी नहीं मिली है, लेकिन विभाग इस संबंध में जरूरी प्रयासों पर जोर दे रहा है।