मथुरा। गोविंदनगर के भूतेश्वर रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आकर व्यापारी की मौत हो गई। वह हरिद्वार से मथुरा लौटते वक्त हादसे का शिकार हुए। चर्चा है कि बेटे की कैंसर की बीमारी से कर्ज में डूबे व्यापारी ने आत्महत्या की है, जबकि परिजन इससे इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि कोई कर्ज नहीं है।
थाना हाईवे की श्रीजी धाम कालोनी निवासी किशन चंद भाटिया (65) पुत्र खिल्लूराम भाटिया की कृष्णानगर में भाटिया इलेक्ट्रानिक्स की दुकान थी। वह तीन दिन पहले ही हरिद्वार गए थे। लौटते वक्त भूतेश्वर स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया। मृतक के बेटे अमित भाटिया ने पिता के आत्महत्या करने से इंकार किया है। उनका कहना है कि उनके पिता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है।