कासगंज।
पटियाली । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला केसरी में सोमवार देर रात शिवाला प्लांट संचालक का बदमाशों ने अगवा करने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने स्वयं को किसी प्रकार गांव में पहुंचकर बचा लिया। सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इधर, लोगों को आता देखकर बदमाश भाग खड़े हुए।
पटियाली के नगला केसरी निवासी उमेद सिंह (45) पुत्र जय सिंह का गांव मेड्ड ही शिवाला प्लांट के नाम से ईंट भट्ठा है। सोमवार रात तकरीबन 10 बजे वह गांव से एक किमी दूर नगला ख्याली सिढ़पुरा में मजदूरों को छोड़कर अपने गांव लौट रहे थे। नगला ख्याली पुलिया के निकट तीन-चार बदमाशों ने उनको अगवा करने के लिए सड़क के दोनों ओर रस्सा बांध दिया और हाथ देकर बाइक रुकवाने की कोशिश की। बाइक नहीं रोकने पर बदमाशों ने रस्सा खींच दिया।
इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। अनहोनी की आशंका पर वह शोर मचाते हुए गांव की और दौड़ पड़े। उन्होंने फोन से बदमाशों की सूचना भी ग्रामीणों को दी। इस सूचना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी। इधर, लोगों को आता देखकर बदमाश भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने आसपास बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। हालांकि अब तक मामले में तहरीर नहीं दी गई है। पटियाली थाना प्रभारी का कहना है कि शिवाला प्लांट संचालक को कुछ लोगों ने हाथ देने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बाइक नहीं रोकी। बाइक फिसल कर गिर जाने से वे घायल हो गए।