अक्षय तृतीय पर्व पर सोने चांदी की महंगाई का असर दिखाई दिया। पर्व पर आशा के अनुरूप कारोबार नहीं हो सका। जिससे कारोबारी मायूस रहे। लोगों ने शगुन के तौर पर ही आभूषणों की खरीदारी की या फिर जिन परिवारों में जल्द ही वैवाहिक आयोजन होने हैं वे ही खरीदारी को बाजार में पहुंचे।
अक्षय तृतीय के मौके पर सोना चांदी के आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है, लेकिन इस बार इन धातुओं पर महंगाई ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। बुधवार को सोना 32300 रूपये प्रति 10 ग्राम तथा चांदी 40400 रुपये किलो के भाव से बिकी। लोगों ने पंरपरा के अनुरूप बाजार से आभूषणों की खरीदारी तो की, लेकिन अधिकांश लोगों ने छोटू आभूषण खरीदने को ही अपनी प्राथमिकता दी। जिन परिवारों में विवाह आयोजन होने हैं वे अवश्य आभूषण की खरीद करते देखे गए, लेकिन महंगाई के चलते उन्होने अपने बजट को देखते हुए खरीद में कुछ कटौती कर दी। सराफा कारोबारी अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि पर्व पर महंगाई का असर दिखाई दिया। अधिकांश लोगों ने कम बजट के आभूषण खरीदने को अपनी प्राथमिकता दी। जिससे कारोबार अपेक्षाकृत नहीं हो सका।