फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विकास पर लगी मुहर, सभासद हुए मुखर

विज्ञापन
विकास पर लगी मुहर, सभासद हुए मुखर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एटा।
विज्ञापन

लंबे अरसे से चुनौती बनी पालिका बोर्ड की पहली बैठक आखिरकार बुधवार को संपन्न हुई। बैठक में विकास और निर्माण के 77 प्रस्तावों पर सहमति बनी। साथ ही सफाई और अतिक्रमण के मुद्दे पर सभासदों ने कई बार पालिकाध्यक्ष और अधिकारियों को घेरा। विधायक सदर ने भी सभासदों से सदन को चलाने के लिए अपनी सहभागिता अदा करने के लिए कहा।
दरअसल, नगर निकाय चुनाव के बाद से पालिका की बोर्ड बैठक को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। पूर्व में बुलाई गई दो बोर्ड बैठकें सभासदों के गतिरोध के चलते निरस्त कर दी गईं। बुधवार को पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी ने गतिरोध को समाप्त करते हुए बोर्ड बैठक बुलाई। बैठक में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी, प्रभारी ईओ और एएसडीएम रामदत्त राम समेत सभी सभासदों ने भाग लिया। पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी ने सभी का अभिवादन कर सदन शुरू करने की घोषणा की। विधायक की मौजूदगी में शहर में प्रकाश व्यवस्था के लिए 25 लाख रुपये, हैंडपंप रिबोर के लिए 50 लाख और टूटी नालियों के चैनल और मरम्मत के लिए 25 लाख के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। सभासदों ने शहर की सफाई को लेकर मुद्दा उठाया। साथ ही सभासदों ने बाजार समेत तमाम स्थानों से अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस दौरान तमाम लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

सदन ने किया कर्मचारी को निलंबित
बैठक के दौरान अनुपम कामर्शियल कांप्लैक्स का मुद्दा उठा। सभासदों ने कहा कि ठेकेदार से हैंडओवर हुए बिना ही पालिका के कर्मचारी ने दुकानों का आवंटन कर दिया। सभासदों ने मुखर होकर कर्मचारी यशवीर चौहान को निलंबित कर दिया। कर्मचारी के बैठक में मौजूद नहीं होने पर सभासदों ने आपत्ति जताई।
पालिका का मजाक बनाकर रख दिया: विधायक
बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि पालिका में कर्मचारी होने के बाद भी शहर में सफाई नहीं हो रही। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पालिका का मजाक बनाकर रख दिया गया है। शहर के विकास पर पूरा ध्यान दिया जाए।
हर पटल पर सभासदों की बनी समिति
पालिका के पटल पर कार्यों की देखरेख के लिए सभासदों की समिति बनाई गई। निर्माण, जलकल, प्रकाश, कर-लेखा, सफाई-वाहन अनुभाग में कार्यों पर नजर रखने के लिए पांच-पांच सभासदों की टीम बनाई गई है।
जलनिगम एक्सईएन ने दी जानकारियां
जल निगम के एक्सईएन एएस भाटी ने कहा कि शहर में सीवर लाइन के लिए निर्माण का काम शुरू हो रहा है। इसे लेकर हर गली मोहल्ले में खुदाई का कार्य होगा। जिसमें सभी सभासद क्षेत्र के लोगों को जागरूक कर सहयोग करेंगे।
26 आरओ के साथ हर सभासद को दो सफाई कर्मी
बैठक में शहर में 26 आरओ वाटर प्लांट लगाने के साथ हर सभासद को दो-दो सफाईकर्मी देने के प्रस्ताव को सहमति दी गई। वहीं जल निगम के द्वारा हर घर को जल कनेक्शन दिए जाने का प्रस्ताव दिया गया।
महिला सभासदों ने उठाई समस्याएं
बैठक के दौरान महिला सभासदों ने भी वार्ड की समस्याओं को जमकर उठाया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष और सभासद प्रतिनिधियों को बैठक सभागार में प्रवेश नहीं दिया गया।
विज्ञापन

इनकी रही मौजूदगी
बैठक के दौरान रियाज अहमद, बिजेंद्र गुप्ता, सुनील यादव, मनीष जैन, अनुज जैन, विशेष यादव, इंद्राज, दिलीप पचौरी, रेनू गुप्ता, शबनम, शाइस्ता, कांति देवी, साधना पुंडीर, फरजाना बेगम, संगीता, शांतनु चौहान, उमाकांत समेत तमाम सभासद मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें