मैनपुरी। थानाध्यक्ष कुर्रा पर घूसखोरी व अवैध वसूली किए जाने को लेकर एसपी को शिकायती पत्र दिया गया है। शिकायतकर्ता ने अधिकारी को ऑडियो भी उपलब्ध कराया है। इनमें थानाध्यक्ष एक व्यक्ति से शराब व केस के संबंध में रुपये लेने की बात कह रहे हैं।
थाना कुर्रा क्षेत्र में आम जनता पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं अवैध वसूली की जा रही है। मंगलवार को मोदी फॉर पीएम के प्रदेश महामंत्री सुनील चौहान ने एसपी राजेश एस को शिकायती पत्र दिया है। इसमें कहा है कि थानाध्यक्ष मामलों को रफादफा करने के लिए रिश्वत लेते हैं।
क्षेत्रीय लोगों से महंगी शराब, सिगरेट आदि मंगाते हैं, जिसका कोई भी रुपया उन्हें नहीं देते। आरोप लगाया कि क्षेत्रीय जनता थानाध्यक्ष की मनमानी से बेहद परेशान है। साक्ष्य के तौर पर एक व्यक्ति से काम के लिए 75 हजार लिए जाने और शराब भेजने की बात की ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई है। एसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
मेरे द्वारा किसी से रिश्वत व शराब की कोई मांग नहीं की गई है। शिकायतकर्ता के विरुद्ध एक मामला दर्ज किया गया था। इसमें एफआर लगाई गई थी। निजी कारणों से आरोप लगाए जा रहे हैं, ऑडियो पुरानी है।
सुभाष चंद्र यादव, थानाध्यक्ष कुर्रा