फिरोजाबाद। विद्युत विभाग बड़े बकाएदारों पर पूरी तरह से शिकंजा कसने के मूड में आ गया है। दबंग किस्म के बकाएदार जो लंबे समय से बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उनके घरों में जल्द विजिलेंस की टीमें दस्तक देंगी। उनकी सूची सौंप दी है।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. के प्रबंध निदेशक एसके वर्मा ने सभी अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि एक लाख से ऊपर जितने भी बकाएदार हैं, उनके खिलाफ अभियान चलाकर 15 मार्च तक सभी कनेक्शन काट दिए जाएं, अथवा उनके बकाया बिल जमा कराया जाएगा। 16 मार्च को सभी एक्सईएन को इस बात का शपथ पत्र भी देना होगा कि उनकी डिवीजन में एक लाख से ऊपर कोई बकाएदार नहीं है। एमडी द्वारा प्रतिदिन ने डिसकनेक्शन की प्रगति रिपोर्ट तलब की जा रही है।