फिरोजाबाद। ग्राम पंचायत निधि को मनमाने तरीके से खर्च करने पर तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों व दो प्रधानों को नोटिस जारी होंगे। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर यह निर्देश डीपीआरओ ने दिए।
शनिवार को मटसेना क्षेत्र में स्कूल टायलेट, शिक्षण कक्षों में टायल्स लगाने व व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति जानने निकले डीपीआरओ को गांव बरामई स्थित सरकारी स्कूलों में टायल्स लगाने व शौचालय निर्माण की प्रगति असंतोषजनक मिली।
सचिव रावेद्र सिंह द्वारा ग्राम निधि की धनराशि से सीसी निर्माण एवं इंटरलॉकिंग कराई जा रही थी। गांव सडामई में भी कार्य प्रगति ठीक नहीं थी। वहीं ग्राम पंचायत लडूपुर-चकरपुर में हाल ही रिबोर कराए गए पांच हैंडपंप खराब मिले।
ग्राम प्रधान रेखा तिवारी ने डीपीआरओ से सचिव संतोष यादव पर ग्राम विकास कार्यों में रूचि नहीं लेने का आरोप लगाया। एक अन्य गांव मटामई में भी स्कूल टायलेट व टायल्स लगाने का कार्य ठीक नहीं मिला। डीपीआरओ गिरीश चंद्र ने संबंधित पंचायत सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।