मथुरा। लक्ष्मी ग्रुप के भूतेश्वर स्थित भवन पर तहसीलकर्मियों ने नोटिस चस्पा कर दिया है। यह कार्रवाई स्टांप कमी के मामले में 73 लाख की रिकवरी न होने पर कुर्की की प्रक्रिया के तहत की गई है। इस भवन में फिलहाल पेंटालून शोरूम किराए पर संचालित है।
इसी सप्ताह उपजिलाधिकारी सदर क्रांतिशेखर सिंह ने लक्ष्मी ग्रुप की मालिक विजय लक्ष्मी शर्मा पत्नी गजेंद्र शर्मा निवासी धौलीप्याऊ के भूतेश्वर स्थित भवन पर रिकवरी की कार्रवाई के तहत कुर्की का नोटिस जारी किया था। इस कार्रवाई के दो दिन बाद ही उक्त भवन पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। हालांकि यह नोटिस चंद घंटों बाद ही गायब हो गया।
यह कार्रवाई उक्त भवन की खरीद के दौरान स्टांप कमी के मामले में 73 लाख रुपये की रिकवरी पर की जा रही है, जिसकी वसूली तहसील सदर अब तक नहीं कर सकी है। हालांकि ग्रुप चेयरमैन विजय लक्ष्मी शर्मा के पति गजेंद्र शर्मा ने बताया है कि इस मामले में उन्होंने 36 लाख रुपये से अधिक राशि का भुगतान कर दिया है। वर्तमान में इस भवन में पेंटालून शोरूम का संचालन किराए पर हो रहा है।