फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। सोमवार सुबह रेलवे कर्मचारियों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर नानेमऊ के समीप रजबहे में गिरने से सात कर्मी घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी होते ही रेलवे विभाग में अफरातफरी मच गई।
सोमवार सुबह पटरी पर काम करने वाले कर्मचारियों को शिकोहाबाद और जसवंत नगर के बीच ट्रैक में दरार आने की सूचना मिली थी। सूचना पर पटरी की मरम्मत करने के लिए कर्मचारियों का दस्ता वाहन से जसवंत नगर के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुआ।
नानेमऊ के पास पहुंचते ही अचानक वाहन के सामने नीलगाय आने से उसे बचाने के चक्कर मे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते वाहन अनियंत्रित हो कर रजबहे में जा गिरा। गनीमत रही कि रजबहे में पानी नहीं था, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता थ। हादसे की जानकारी होते ही रेलवे विभाग में अफरातफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में अक्षय यादव पुत्र ठाकुरदास, हरफूल यादव पुत्र श्यामलाल निवासी रेलवे कॉलोनी शिकोहाबाद, गौतम कुमार, नीरज कुमार, शिवपाल, मनीष कुमार और प्रभात कुमार शामिल हैं। अक्षय यादव की हालत गंभीर होने पर से फिरोजाबाद के सरकारी ट्रामा सेंटर रैफर किया गया है।