अलीगंज। संदिग्ध हालात में रात को तंबाकू की गोदाम में आग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। हालांकि उससे पहले ही करीब पांच लाख रुपये की तंबाकू जलकर राख हो गई। मामले की शिकायत पीड़ित ने थाना अलीगंज में दर्ज कराई है।
कस्बा अलीगंज के मोहल्ला टपकनटोला निवासी अहमद खां की अकबरपुर रोड पर तंबाकू का गोदाम है। जिसमें मंगलवार की रात को अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब सुबह लोग उस तरफ से गुजरे तो उन्होंने गोदाम से धुआं निकलता देखा। इसकी जानकारी लोगों ने गोदाम मालिक को दी।
जानकारी पाकर मालिक सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। पीड़ित ने अज्ञात लोगो पर आग लगाने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होना बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।