मथुरा। हाईवे पर एक एजेंसी के समीप से ट्रैक्टर चालक को कार सवारों ने अगवा कर 30 हजार की नकदी लूट ली। लूटपाट करने के बाद हाईवे पर फेंक दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना हाईवे के गांव बाजना निवासी देवीचरण सोमवार की सुबह घर से ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट लेने के लिए निकला। वह बाजना पुल के समीप एक एजेंसी के समीप पहुंचा। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आए कार सवार तीन लुटेरों ने उसे कार में खींच लिया। उससे 30 हजार की नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया। लूटपाट करने के बाद चालक को कोसीकलां के गांव अजीजपुर के समीप फेंक गए। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने पीड़ित का प्राथमिक उपचार करवाया और ट्रैक्टर-ट्राली को बरामद किया।
पीड़ित की तहरीर पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट और लूट की रिपोर्ट दर्जकर लुटेरों की तलाश की जा रही है।