मथुरा। रेलवे जंक्शन की पुताई में गड़बड़ी सामने आई है। ठेकेदार ने डिस्टेंपर की जगह पीली मिट्टी से स्टेशन की दीवारें पुतवा डाली और पुट्टी भी नहीं कराई। गुरुवार को एडीआरएम ऑपरेशन वीके मिश्रा के मथुरा जंक्शन के निरीक्षण के दौरान इसका खुलासा हुआ।
पिछले साल रेलवे जंक्शन की पुताई की गई थी। इसमें स्टेशन की बाहरी दीवारों को पीले डिस्टेंपर से और अंदर कार्यालय, वेटिंग रूम, वेटिंग हॉल, बुकिंग हॉल आदि में पुट्टी कराकर सफेद डिस्टेंपर से पुताई करना तय था। पुताई का कार्य आगरा के एक ठेकेदार ने किया था। उसने रेलवे अफसरों और इंजीनियरों से साठगांठ कर पूरे स्टेशन परिसर में पीली मिट्टी (रामरज) से पुताई कर डाली।
गुरुवार को मथुरा जंक्शन के निरीक्षण को पहुंचे एडीआरएम ऑपरेशन वीके मिश्रा ने कार्यालयों में पीली पुताई देखी तो टेंडर फाइल मंगवाकर देखी। इसमें हाथ फेरने पर दीवारों से पीली मिट्टी झड़ती हुई मिली। एडीआरएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। डीआरएम के पीआरओ संचित त्यागी ने बताया कि एडीआरएम ऑपरेशन को निरीक्षण में खामी मिली है। रेलवे अफसरों को खामी सही कराने को निर्देशित किया गया है। ठेकेदार से दोबारा कार्यालयों में अच्छी पुताई कराने को कहा गया है।