फिरोजाबाद। फिरोजाबाद नगर निगम सहित सात निकायों में पुलिस एवं प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्थाओं के मध्य आज मतदान होगा। 260 मतदान केंद्रों के 653 बूथों पर छह लाख 95 हजार से अधिक मतदाता नगर की सरकार चुनेंगे। बूथों पर पुलिस के साथ पैरमिलिट्री फोर्स एवं पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। समूचे जिले के निकायों को 17 जोन एवं 62 सेक्टरों में बांटा गया है।
मतदान सुबह साढ़े सात बजे से शाम को पांच बजे तक होगा। पांच बजे तक मतदाता की कतार में आने वाले को मतदान करने का हक दिया जाएगा। डीएम नेहा शर्मा एवं एसएसपी डा. मनोज कुमार ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ प्रशासन सीधे कार्रवाई करेगा। गुंडाएक्ट लगाने के साथ ही उनके खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने के साथ जेल में डालने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की मंशा निष्पक्ष चुनाव कराना है।
जिले में चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है। फिरोजाबाद नगर निगम में एडीएम उदय सिंह एवं नगर मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद यादव, शिकोहाबाद व सिरसागंज में सीडीओ अशोक कुमार तथा टूंडला क्षेत्र में डीएफओ को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जसराना, एका और फरिहा में सुपर जोनल का काम संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को सौंपा गया है। एसएसपी डा. मनोज कुमार ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिसबल तैनात रहेगा। एका, शिकोहाबाद एवं फिरोजाबाद क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स एवं पीएसी को तैनात किया गया है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना स्थल पर बनाए गए स्ट्रांगरूम में मतपेटिकाओं को जमा कराया जाएगा।