एटा। जिले की नौ नगर निकाय सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। सुबह 7.30 बजे से सायं 5 बजे तक 214505 मतदाता नौ अध्यक्ष और 153 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान करेंगे। मतदान को लेकर मंगलवार को जिले में पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं।
जिले की चार नगर पालिकाओं एटा, अलीगंज, जलेसर, मारहरा में चार अध्यक्षों और 100 वार्ड सभासदों के लिए मतदान होगा। इसके साथ ही पांच नगर पंचायतों सकीट, राजा का रामपुर, निधौलीकलां, अवागढ़, जैथरा के लिए पांच अध्यक्षाें और 53 वार्ड सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे।
जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका एटा में 105708 मतदाता 34 मतदान केंद्रों पर अपने मत का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका एटा में अध्यक्ष पद के लिए 13 और वार्ड सभासद के लिए 181 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी व्यवस्थाएं की हैं।ृृ
16 पहचान पत्रों से डाल सकेंगे वोट
मतदाता फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य/केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक और डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, प्रमाणिक फोटो मतदाता पर्ची, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र, आधार कार्ड
फर्जी मतदान करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रेक्षक भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि मतदान के लिये फर्जी पहचान पत्र देने पर सख्त कार्रवाई होगी। पोलिंग बूथ पर अंगूठा लगाकर आधार कार्ड की जांच कराई जायेगी। इसके लिए आधार कार्ड बनाने वाली एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं।