मथुरा। रिफाइनरी के सामने शनिवार को एचपीसीएल के डिपो में सूखी घास में आग लगने से हड़कंप मच गया। इससे पहले कि पाइप लाइन आग की चपेट में आती कर्मचारियों ने काबू पा लिया था। ऑटोमेटिक सिस्टम से चालू पाइप लाइन बंद हो गई। फिर भी मथुरा से तीन फायर ब्रिगेड की दमकल पहुंच गईं।
थाना रिफाइनरी के हाईवे किनारे एचपीसीएल का डिपो है। शनिवार को प्रतिदिन की तरह सभी कर्मचारी अपने कार्य में जुटे हुए थे। दोपहर 12 बजे अचानक पेट्रोल की पाइप लाइन के नीचे सूखी घास में लगी आग देख कर्मचारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कर्मचारी सायरन बजाने को दौड़ता उससे पहले आग पेट्रोल की पाइप लाइन में लगनी शुरू हो गई।
आग की लपटें देख दौड़े कर्मचारी ने सायरन का बटन दबा दिया। सायरन बजते ही कर्मचारी और अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कर्मचारी आग बुझाने के यंत्रों के साथ जुट गए। समय रहते ही आग पर काबू पा लिया गया।
सूचना पर मथुरा से तीन फायर ब्रिगेड की दमकलें पहुंच गईं। एचपीसीएल के वरिष्ठ प्रबंधक संदीप कुमार जैन ने बताया कि सूखी घास में आग लगी थी। जिसे समय रहते काबू पा लिया गया। आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है।