एटा। निकाय चुनाव को नामांकन दाखिल होते ही प्रत्याशियों के बीच साइबर वार शुरू हो गया है। वोटरों को लुभाने के लिए प्रत्याशी फेसबुक और व्हाट्स-एप पर प्रचार में जुटे हैं। आलम यह है कि संदेशों के जरिए वोटरों को अपने पक्ष में करने की कोशिश हो रही है। वहीं चुनाव आयोग के निर्देश पर डीएम ने सोशल मीडिया टीम गठित कर दी है।
तकनीक के दौर में प्रत्याशियों के लिए साइबर जगत प्रचार को अहम हथकंडा साबित होता नजर आ रहा है। प्रत्याशी फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए जनता तक पहुंच रहे हैं। एक निर्दलीय प्रत्याशी ने तो पूरी सोशल मीडिया टीम गठित की है, जो वार्ड वार लोगों को चिन्हांकन कर संदेश भेज रही है। साथ ही फेसबुक और व्हाट्सएप पर प्रचार के लिए पोस्ट तैयार का जिम्मा भी टीम को दिया गया है।
वहीं ब्लक संदेश के साथ कॉल करके मतदाताओं से प्रत्याशी आवाज में रिकार्डिंग वाली अपील भी की जा रही है। उधर, चुनाव आयोग के निर्देश के बाद डीएम ने सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए टीम गठित की है। इसमें एडीएम प्रशासन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव आयोग के निर्र्देश पर गठित टीम प्रत्याशियों द्वारा भेजे जा रहे संदेशों की निगरानी कर रही है।