कासगंज। नए कपड़ों में दिवाली मनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जीएसटी के बाद से टैक्स में 16 व 23 फीसदी की राहत मिलने से कीमतों में गिरावट आ गई है। कीमतें कम होने से युवा एवं बच्चे कम कीमत में भी अच्छे कपड़े पहन सकते हैं।
रेडीमेड कपड़ों पर एक्साइज, सीएसटी, वैट सहित कई अन्य प्रकार के मिलाकर 28 प्रतिशत तक टैक्स लगते रहे हैं, लेकिन इस बार शासन ने जीएसटी लागू करने के बाद रेडीमेड की दो स्लैब निर्धारित की है। एक हजार से कम कीमत वाले रेडीमेड़ कपड़ों को 5 प्रतिशत कर स्लैब में और इससे ऊपर की कीमत के कपड़ों को 12 प्रतिशत का स्लैब निर्धारित किया है।
टैक्स में आए इस अंतर का असर बाजार में कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। अभी तक बाजार में एक हजार रुपये तक कीमत के कपड़े बिकते थे वे अब 750 रुपये तक की रेज में बिक रहे हैं। इस समय बाजार में अच्छी शर्ट 400 से एक हजार रुपये तक की रेंज में बिक रही है। जबकि पेंट में फंगी लुक, कारगो जींस, ट्राउजर्स 700 रुपये से 1500 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हो रहे हैं।
खरीदारी कर रहे युवा जय ने बताया कि पिछली दिवाली के मुकाबले इस बार कीमतों में गिरावट से वह काफी खुश है। वह अच्छी वैरायटी के कपड़े खरीदकर दिवाली मना सकता है।