आगरा। इन तस्वीरों पर जरा गौर फरमाइये। चारपाई पर सो रहे इन सिपाहियों पर आधी आबादी की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, लेकिन थाना हरीपर्वत की एंटी रोमियो स्क्वैड के ये सिपाही फर्ज को खूंटी में टांगकर आराम फरमा रहे हैं। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में कई स्कूल और कॉलेज आते हैं जहां आए दिन लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं होती है, बावजूद इसके एंटी रोमियो स्क्वैड की नींद टूटने का नाम नहीं रही।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वैड को तैनात किया था। शुरुआत में एंटी रोमियो स्क्वैड मुस्तैद दिखी थी लेकिन वक्त के साथ-साथ सुस्त हो गई। हालात ये है कि थाना हरीपर्वत की एंटी रोमियो स्क्वैड थाने से निकलकर स्कूल कॉलेजोें के बाहर ड्यूटी देने के बजाए एसएन मेडिकल कॉलेज स्थित आशा ज्योति केंद्र में आराम फरमाती है।
आशा ज्योति केंद्र में पीड़ितों की मदद के लिए बनाए शेल्टर होम में अक्सर एंटो रोमियो स्क्वैड के सिपाही सोते नजर आते हैं। एंटी रोमियो स्क्वैड में शामिल महिला दरोगा रेखा शर्मा का कहना है कि सिपाही की तबीयत खराब होने के कारण वह केंद्र पर आकर सो गया था। वहीं, आशा ज्योति केंद्र के सूत्रों के अनुसार टीम दिन में अक्सर यहां आकर सो जाती है। जबकि शासन की ओर से स्क्वैड को स्कूल, कालेज और चौराहों पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा में तैनात रहने के निर्देश हैं।
कई स्कूलों और कॉलेजों पर नजर की जिम्मेदारी
हरीपर्वत सर्किल के एंटी रोमियो स्क्वैड पर आगरा कालेज, सेंट जोंस डिग्री कालेज, दयालबाग शिक्षण संस्थान, क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कालेज समेत कई स्कूलों और कॉलेजों के बाहर छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। अधिकांश छेड़छाड़ की घटनाएं भी इसी इलाके में होती हैं। टीम में एक महिला दरोगा रेखा शर्मा के साथ दो महिला एवं दो पुरुष सिपाही रहते हैं।