किशनी/करहल (मैनपुरी)। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। किशनी में सड़क पार करते समय किसान को बाइक ने टक्कर मार दी। वहीं करहल क्षेत्र में गांव मीठेपुर के समीप अज्ञात वाहन ने इटावा निवासी युवक को रौंद दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव अरसारा निवासी गुरुदयाल (62) गुरुवार सुबह साइकिल से खेत पर गया था। खेत से वापस लौटते समय ग्वालियर-बरेली हाईवे पर सड़क पार करते समय बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र रामशंकर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना करहल क्षेत्र में गांव मीठेपुर के समीप आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से फिरोजाबाद निवासी युवक की मौत हो गई। इटावा के थाना बलरई के गांव असरोही निवासी चरन सिंह (40) गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गांव मीठेपुर के समीप सिरसागंज जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी रास्ता पार करते समय अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। हादसे में चरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिवारीजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।