फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सजदे में झुके सिर, दुआओं में मांगा अमन-चैन

विज्ञापन
ईद पर नमाज अदा करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मैनपुरी। सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक ईद-उल-फितर परंपरागत तरीके से सोमवार को मनाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाह में नमाज पढ़ी और अल्लाह से मुल्क में अमन और चैन की दुआ मांगी। आगरा गेट पुलिस चौकी पर प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मुस्लिम समाज के लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह और मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। नमाज के बाद देर रात तक एक-दूसरे के घरों पर जाकर ईद की बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।
विज्ञापन


सोमवार को ईद को लेकर सुबह से ही शहर में उत्सव का माहौल था। बच्चों और युवाओं में ईद के प्रति खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही ईद की नमाज की गहमागहमी शुरू हो गई। नए-नए वस्त्र पहने पुरुष और रंग-बिरंगें वस्त्रों से सजे-धजे बच्चे उत्साह के साथ नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह की ओर जा रहे थे। ईद की नमाज का समय सुबह 8:30 बजे निर्धारित था लेकिन ईदगाह पहुंचने का क्रम सुबह 7:30 बजे से ही शुरू हो गया था। ईदगाह नमाज अदा करने वालों से खचाखच भर गई। नमाज आरंभ होने से आधा घंटा पूर्व ही यहां पैर रखने तक को जगह नहीं बची। नमाज अदा करने के बाद कुतबा पढ़ा गया।

पेश इमाम मोहम्मद शमी अहमद ने कहा कि हम मुसलमानों को चाहिए कि रमजान का महीना शुरू होते ही खुशी जाहिर करें और रमजान खत्म होने पर अफसोस जाहिर करें। अल्लाह से दुआ करें कि ऐसा महीना फिर आए और उन्हें नेक काम करने का मौका मिले। नेक काम से ही आदमी को जन्नत नसीब होती है। इंसान जितनी दिक्कत बर्दाश्त करेगा अल्लाह उतनी ही उसे बरक्कत देगा।
विज्ञापन


नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। आगरा रोड स्थित पुलिस चौकी पर डीएम यशवंत राव, एसपी राजेश एस, एसडीएम सदर अमित सिंह, सीएमओ डा. शरद वर्मा, चेयरमैन साधना गुप्ता, समाजसेवी अरुण गुप्ता आदि ने ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह के आसपास मेले जैसा नजारा था।

सपा, बसपा ने स्टाल लगाकर ईदगाह से नमाज अदा कर लौट रहे लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर सपा सांसद तेज प्रताप यादव, विधायक राजकुमार यादव, सपा जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा, महासचिव सुखवीर सिंह, जागीर ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव, नसीरुद्दीन वारसी, प्रो. केसी यादव, डाक्टर राकेश गुप्ता, बसपा के पंडाल में जिलाध्यक्ष महाराज सिंह शाक्य, दीपक पेंटर, मंडल कोआर्डिनेटर शुभम सिंह आदि मौजूद थे। वहीं कांग्रेस से जिलाध्यक्ष संकोच गौड़ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार बच्चों को टॉफी नहीं मिली। इसके चलते बच्चे नमाज के बाद टॉफी तलाशते रहे। वहीं पिछले वर्ष आगरा गेट पुलिस चौकी पर खड़े होकर तत्कालीन डीएम लोकेश एम ने स्वयं ईदगाह से लौट रहे बच्चों को टॉफी का वितरण किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बच्चों को टाफी दिलाने के लिए डीएम के पास आए थे।

पहली बार मोदी विचार मंच का पंडाल लगा था। इस दौरान अल्पसंख्यक सेल के जिलाध्यक्ष मो. जावेद जाफरी, न्याजुद्दीन सिद्दीकी, नीरज मिश्रा आदि ने शर्बत, पानी आदि नमाजियों को पिलाया।

ईदगाह में नमाज के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। बड़े चौराहे से ईदगाह की ओर दोपहिया और साइकिल तक को नहीं जाने दिया गया। इसके चलते नमाज पढ़ कर लौट रहे लोगों को कोई परेशानी नहीं हुई।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें