ढोलना के ग्राम सुजातगंज में नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने का मामला सामने आया है। बाल कल्याण समिति न्यायपीठ ने इस प्रकरण पर अपनी आपत्ति जताई है। मामले की सूचना प्रमुख सचिव महिला एवं बाल कल्याण विभाग तथा महिला एवं बाल कल्याण निदेशक को भेजी है।
समिति की अध्यक्ष आशादेवी राठौर ने कहा कि सुजातगंज में विवेक पुत्री भोजराज की शादी 19 जून को शिव नरायन पुत्र राम प्रकाश निवासी पिपरिया कन्नौज के साथ संपन्न हुई। बालिका की उम्र 15-16 साल है। जब इस प्रकरण की जानकारी समिति के संज्ञान में आई तो इस मामले को पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में लाया गया। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन भी दिया, लेकिन थाना पुलिस की लापरवाही के चलते बाल विवाह संपन्न हो गया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करने के लिए प्रमुख सचिव महिला बाल कल्याण विभाग, निदेशक महिला एवं बाल कल्याण तथा जनपाद के डीएम को पत्र भेजा गया है। हाजी डा. मौहम्मद मियां, अनीता शर्मा, लोकेंद्र देव आर्य, अनिल कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी ललितेश चौहान, हिना नाज, दानिश मियादाद खां आदि मौजूद रहे।