मथुरा। औरंगाबाद स्थित अग्रवाल लाइफ लाइन ब्लड बैंक के रक्त संकलन और वितरण पर रोक लगा दी गई है। बुधवार को केंद्रीय औषधि विभाग, सहायक आयुक्त (औषधि) आगरा और मथुरा की टीम ने संयुक्त निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की है। ब्लड बैंक में ब्लड कंपोनेंट पर फफूंद लगी हुई थी। चिकित्सक और नर्स भी मौके पर नहीं मिले।
केंद्रीय औषधि विभाग से कैलाश मलिक, सहायक आयुक्त पीके मोदी और मथुरा के जिला औषधि निरीक्षक दीपक कुमार की टीम ने बुधवार को बैंक का निरीक्षण किया। यहां पाया कि जिन रसायन से रक्त की जांच की जा रही है वह एक्सपायरी हो चुके हैं। छह यूनिट ब्लड के कंपोनेंट में फंफूद लगी हुई थी। टीम ने इसे नष्ट कराने के आदेश दिये।
बैंक के चिकित्सा प्रभारी अधिकारी डा.रविंद्र सिंह सोलंकी और स्टॉफ नर्स भी मौके पर नहीं मिलीं। उपकरणों का रखरखाव भी घटिया का स्तर का पाया गया। सहायक आयुक्त औषधि पीके मोदी ने बताया कि रक्त संकलन और वितरण पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई है।
अग्रवाल लाइफ हास्पिटल के स्वामी डा. पवन अग्रवाल ने बताया कि वो निरीक्षण के समय मौजूद नहीं थे। एक्सपायरी डेट के रसायन मिलने की बात सही नहीं है।