बिछवां (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह गांव नगला बलू निवासी अधेड़ का शव खेत में पड़ा मिला।परिवारीजनों ने गांव निवासी कुछ लोगों पर चुनाव की रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है।
गांव नगला बलू निवासी भीमसेन बहेलिया (44) मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे तेज आंधी और बारिश में खेत पर शौच के लिए गया था। रात भर वह घर वापस नहीं लौटा तो परिवारीजनों को चिंता हुई। सुबह जब तलाश की गई तो मौजा देवगंज के समीप खेत में भीमसेन का शव उल्टा पड़ा मिला। उसके शरीर पर किसी चोट का निशान नहीं था। शव मिलने के बाद परिवारीजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी। आरोप लगाया कि जिला पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने गांव निवासी के कुछ लोगों को वोट नहीं दिया था। जिसके चलते आरोपी उनसे रंजिश मानते थे। कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मृतक के पिता कुंदन सिंह ने बताया कि पुत्र को खेत में दौड़ा दौड़ाकर मारा गया है।
उन्होंने गांव निवासी सात नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या की तहरीर भी दी है। बुधवार दोपहर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि भीमसेन के भूमि विकास बैंक के 65 हजार रुपये थे। मंगलवार को टीम रिकवरी के लिए गई थी। उसके हिस्से का खेत बेचकर रिकवरी की बात भी कही थी। भीमसेन को मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है। पुलिस ने घरवालों की तहरीर पर सेवकराम को हिरासत में लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक भीमसेन काफी पढ़ा लिखा था। वहीं कुछ लोग उसकी शादी नहीं होने दे रहे थे। वहीं कुछ ग्रामीणों ने टोना टोटका आदि किए जाने की बात भी कही है। कुछ लोगों का ये भी कहना है कि बैंक के कर्ज के चलते वह परेशान रहने लगा था। वह नशीली गोलियां भी खाने लगा था।