पुलिस लाइन में पुलिस हिरासत में लुटेरे
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। भोगांव क्षेत्र में चालक को बंधक बनाकर हुई कैंटर लूट की वारदात का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। मुठभेड़ के दौरान आठ बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लूटा गया माल, वाहन, तमंचा कारतूस और बिक्री किए गए माल से संबंधित रुपये पुलिस ने बरामद किए हैं। शुक्रवार को एसपी अविनाश पांडेय ने प्रेसवार्ता करके पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी कुलवंत सिंह 25 जनवरी को कानपुर से कैंटर में कबाड़ लेकर निकला था। रात को थाना भोगांव क्षेत्र में गांव अरम सराय के पास कैंटर सवार बदमाशों ने ओवरटेक गाड़ी को रुकवाने के साथ ही चालक को पीटकर हाथ पैर बांधकर खेत में फेंक दिया था। साथ ही कबाड़ लदा कैंटर लूटकर भाग गए थे। प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह, सर्विलांस प्रभारी जोगेंद्र सिंह लगातार बदमाशों की तलाश में जुटे थे।
एसपी के अनुसार शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि कैंटर लूटने वाले बदमाश गढ़िया गोविंदेपुर के पास एक ट्रैक्टर में लूट का माल लेकर बिक्री करने जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। बदमाशों ने पुलिस को देख कर फायरिंग कर दी। बचाव करते हुए पुलिस ने आठ बदमाशों को पांच तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से लूटा गया कैंटर, वारदात में प्रयुक्त कैंटर व जिस ट्रैक्टर में लादकर माल बिक्री करने जा रहे थे वह ट्रैक्टर बरामद किया गया है। बदमाशों के पास बेचे गए कबाड़ के 62 हजार रुपये भी मिले हैं।
मुकेश लोधी है मास्टर माइंड
सीओ भोगांव अमर बहादुर ने बताया कि डकैती की वारदात में कुल आठ लोग शामिल थे। गिरफ्तार किया गया मुकेश लोधी निवासी गांव गंगावास थाना ढोलना कासगंज मास्टर माइंड हैं। उसने ही अन्य साथियों को लालच देकर वारदात में शामिल किया था। पुलिस ने मुकेश के अलावा मुकेश कश्यप निवासी बाईकला थाना छर्रा अलीगढ़, सौरभ निवासी दुर्गा कॉलोनी कोतवाली कासगंज, सोनू उर्फ मोद कुमार निवासी नगला सहजना कोतवाली कासगंज, सलीम बंजारा उर्फ मलिक निवासी नगला सुम्मेर थाना अमांपुर कासगंज, अलीशेर बंजारा निवासी कैल्टा थाना अलीगंज एटा, सलमान खां निवासी गोयती सोरों कासगंज और सुखवीर सिंह निवासी गोयती कासगंज को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।